1000259535

सीएम हेमंत सोरेन का 50वां जन्मदिन पिता की याद में भावुक, लिखा- ‘बाबा हर जगह मेरे साथ हैं’…

खबर को शेयर करें
1000259535

Jharkhand: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आज (10 अगस्त) 50वां जन्मदिन है। लेकिन इस बार उनका जन्मदिन बेहद भावुक और सूना रहा। इसकी वजह है कि उनके पिता और झारखंड आंदोलन के महानायक, पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन का हाल ही में 4 अगस्त को निधन हो गया था। इन दिनों सीएम हेमंत सोरेन पिता के श्राद्ध कर्म में व्यस्त हैं और पुत्र धर्म निभा रहे हैं।

हेमंत सोरेन ने इस मौके पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक भावुक पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा “आज बाबा बहुत याद आ रहे हैं। मुझे जीवन देने वाले, मेरी जीवन की जड़ें जिनसे जुड़ी हैं वही अब मेरे साथ नहीं हैं। बचपन में जिनकी मजबूत उंगलियों ने मेरे कदम थामे, संघर्ष और प्रेम से जीना सिखाया, अंधेरों में दीपक बनकर रास्ता दिखाया – वे बाबा अब प्रकृति का हिस्सा बन गए हैं।”

सीएम ने आगे लिखा कि उन्हें विश्वास है कि बाबा सूरज की रोशनी, पेड़ों की छाया, बहती हवा, नदियों की धार और हर अग्नि की लौ में मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि बाबा के आदर्श, विचार और शिक्षा उनके लिए केवल पुत्र धर्म नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व भी हैं।

हेमंत सोरेन ने कहा कि उनके पिता ने उन्हें सिखाया कि नेतृत्व का मतलब शासन नहीं बल्कि सेवा है। वे हमेशा शोषितों, वंचितों और आदिवासी अस्मिता को मुख्यधारा में लाने के लिए संकल्पित रहे। उन्होंने अंत में लिखा, “बाबा, मुझे गर्व है कि मैं आपकी संतान हूं। वीर दिशोम गुरु शिबू सोरेन अमर रहें जिंदाबाद!”

https://x.com/HemantSorenJMM/status/1954471184462204981?t=qjrBQyGL5L3P8u3rzAiPYA&s=19