जमशेदपुर के गोविंदपुर में सफाई अभियान शुरू, कचरा हटाने के लिए चलाए गए जेसीबी और ट्रैक्टर…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के गोविंदपुर क्षेत्र में डेंगू और बरसाती बीमारियों के बढ़ते खतरे को देखते हुए सफाई अभियान की शुरुआत की गई है। जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष और पंचायत समिति सदस्य सतवीर सिंह बग्गा के प्रयास से यह अभियान शुरू हुआ जिसमें जेसीबी और ट्रैक्टर की मदद से कचरा हटाया जा रहा है।
डॉ. परितोष ने बताया कि यह अभियान तीन दिनों तक चलेगा। इसके तहत सामुदायिक विकास मैदान, बंगाल स्वीट्स के सामने, हाट बाजार, मार्केट रोड, तीनतल्ला, जनता फ्लैट, एलआईजी और विवेक विद्यालय के पास जमा कचरे को हटाया जाएगा।
डॉ. परितोष ने लोगों से अपील की कि वे कचरा खुले में न फेंके। उन्होंने बताया कि सिंगल और डबल रूम हाउसिंग कॉलोनी में डोर-टू-डोर कचरा उठाव की सुविधा दी जा रही है लेकिन केवल 1000 में से 400 घर ही 80 रुपये मासिक शुल्क का भुगतान कर रहे हैं। यदि ऐसा ही चलता रहा तो यह सेवा बंद भी हो सकती है।
सतवीर सिंह बग्गा ने लोगों से स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील की। इस अभियान में दिनेश सिंह, विजय कुमार, सत्यजीत बनर्जी, निकेश सिंह, बिस्वजीत महतो और जितेंद्र सिंह ने भी सहयोग दिया।

