जमशेदपुर के एकलव्य मॉडल स्कूलों में एक माह में शुरू होंगी कक्षाएं, उपायुक्त ने दिए निर्देश…

Jamshedpur news: जमशेदपुर में संचालित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में अब शैक्षणिक गतिविधियों की शुरुआत का रास्ता साफ हो गया है। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने निर्देश दिया है कि एक माह के भीतर सभी विद्यालयों में कक्षाएं शुरू की जाएं। यह निर्देश उपायुक्त कार्यालय में आयोजित जिला स्तरीय समिति की बैठक में दिया गया।
इस बैठक में बहरागोड़ा, पोटका, डुमरिया और धालभूमगढ़ प्रखंडों में संचालित एकलव्य मॉडल विद्यालयों की तैयारियों की गहन समीक्षा की गई।
बैठक में उपायुक्त ने छात्रों के नामांकन की स्थिति, शैक्षणिक व गैर-शैक्षणिक स्टाफ की उपलब्धता, बुनियादी ढांचे और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
उन्होंने आदेश दिया कि शिक्षकों की रिक्तियों को भरने के लिए महीने के अंत तक विज्ञापन प्रकाशित किया जाए जबकि गैर-शैक्षणिक कर्मियों की नियुक्ति आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से की जाए।
इसके साथ ही उपायुक्त ने स्वीकृत सीटों पर शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
उपायुक्त ने संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया कि ब्लैकबोर्ड, ट्रांसफार्मर, बोरिंग जैसे आवश्यक कार्यों को डीपीआर के अनुरूप जल्द पूरा करें। बिजली, बेंच-डेस्क, मेस, स्टेशनरी और ड्रेस की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश जिला कल्याण पदाधिकारी को दिया गया।
छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने विद्यालय परिसरों की बाउंड्री के लिए तत्काल प्राक्कलन तैयार कर प्रस्तुत करने का निर्देश भी दिया।
वर्तमान में इन विद्यालयों में कक्षा 6 से 8 तक के छात्रों का नामांकन किया जा रहा है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे जिनमें जिला कल्याण पदाधिकारी शंकराचार्य समद, जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. ए मित्रा तथा अन्य समिति सदस्य शामिल थे।
इन निर्देशों से उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही इन आदिवासी बहुल विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की शुरुआत हो सकेगी, जिससे ग्रामीण और वंचित समुदाय के बच्चों को बेहतर भविष्य मिल सके।

