मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना : पलामू की महिलाओं के खाते में भेजे जाएंगे कुल 88 करोड़ रुपये, 4756 महिलाएं रह जाएंगी वंचित…

खबर को शेयर करें
1000194413

Jharkhand: झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत पलामू जिले की महिलाओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। अप्रैल माह की वित्तीय सहायता राशि आज 3 जून से लाभार्थियों के आधार लिंक्ड बैंक खातों में भेजी जा रही है।

सरकार ने इस योजना के लिए पहले ही मई माह में 5 अरब 59 करोड़ 50 लाख रुपये की राशि जारी कर दी थी। इसी कड़ी में पलामू जिले की 3,49,080 महिलाओं के खाते में कुल 88 करोड़ 45 लाख 90 हजार रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। यह पैसा सीधे महिलाओं के बैंक खातों में पहुंचेगा।

हालांकि इस बार 4756 महिलाएं योजना के लाभ से वंचित रह जाएंगी। इसका कारण उनके बैंक खातों का आधार से लिंक न होना बताया गया है। इससे पहले मार्च माह में कुल 3,53,836 महिलाओं को राशि दी गई थी, लेकिन उनमें से केवल 2,58,301 के खाते ही आधार से जुड़े थे।

अब सरकार के नए निर्देशों के अनुसार योजना का लाभ पाने के लिए आधार सीडिंग और ई-केवाईसी अनिवार्य कर दिया गया है। इसके लिए जिला प्रशासन ने एक विशेष अभियान चलाया जिसके बाद अधिकतर लाभार्थियों का आधार अपडेट कर दिया गया है।

अब उम्मीद की जा रही है कि जिन महिलाओं के खाते अभी तक आधार से लिंक नहीं हो सके हैं वे जल्द ही आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकेंगी।