मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना: झारखंड की 20 हजार महिलाओं को मिलेगी एक साथ 10 हजार रुपये की राशि…

Jharkhand: झारखंड की मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। जनवरी से योजना की राशि नहीं मिलने वाली करीब 20,100 महिलाओं को अब सरकार एक साथ 10 हजार रुपये भेजने जा रही है। विभाग ने इन लाभुकों का जांच पूरा कर लिया है और अब उनके खातों में पैसे भेजने की तैयारी हो गई है।
पहले कुल 77 हजार महिलाओं का भुगतान रोक दिया गया था। इनमें से ज्यादातर के आधार नंबर बैंक खाते से लिंक नहीं थे या फिर एक ही परिवार के दो-तीन लाभुकों का एक ही बैंक खाता था। अब जिनका सत्यापन पूरा हो चुका है उन्हें चार महीने की बकाया राशि एक साथ दी जाएगी।
मार्च महीने में भी सरकार ने दो लाख से ज्यादा महिलाओं को तीन महीने की सम्मान राशि 7500-7500 रुपये दी थी। लेकिन उस समय भी 77 हजार महिलाओं को पैसा नहीं मिल पाया था।
अब अप्रैल और मई महीने की भी राशि बकाया है। हालांकि फिलहाल सिर्फ एक महीने की राशि देने का निर्देश मिला है। अगर अगले दो दिन में भुगतान नहीं हुआ तो जून की राशि भी साथ में दी जा सकती है।सरकार ने इस योजना के लिए 550 करोड़ रुपये का बजट तैयार कर रखा है इसलिए पैसे की कोई कमी नहीं है।

