1000232338

छत्तीसगढ़ सड़क हादसा: पुल से टकराकर कार बनी आग का गोला, चार दोस्तों की जलकर मौत…

खबर को शेयर करें
1000232338

Azad Reporter desk: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की जलकर मौत हो गई। हादसा नेशनल हाईवे-30 पर आतुर गांव के पास हुआ जहां एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार पुल की रेलिंग से टकरा गई और देखते ही देखते उसमें आग लग गई।

कार में कुल छह युवक सवार थे जो केशकाल के ढोण्डरा पाल गांव के रहने वाले थे। वे कांकेर से एक दोस्त को छोड़कर लौट रहे थे। अचानक हादसा हो गया। आग लगने के बाद दो युवक किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे। दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार कार काफी तेज रफ्तार में थी और आतुर गांव के पास सड़क निर्माण के चलते रास्ता डायवर्ट किया गया था। इसी दौरान ड्राइवर ने कार पर से नियंत्रण खो दिया और कार पुल की रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में तुरंत आग लग गई और चार युवक अंदर ही फंसकर जल गए।

हादसे की जानकारी मिलते ही कांकेर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक चार युवकों की मौत हो चुकी थी। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान की जा रही है और उनके परिवार वालों को हादसे की सूचना दे दी गई है। फिलहाल हादसे की पूरी जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और सड़क का डायवर्जन ही हादसे की वजह मानी जा रही है।