झारखंड के मौसम में बदलाव, शुक्रवार से बढ़ सकती हैं ठंड…
Azad reporter desk: झारखंड में मौसम में बदलाव की संभावना है। राजधानी समेत झारखंड में अगले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की वृद्धि होगी। लेकिन, गुरुवार से इसमें कमी आने की संभावना व्यक्त की गई है। गुरुवार से अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री की कमी आ सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को पिछले दिन की तुलना में मौसम गर्म रहा। राजधानी का अधिकतम तापमान 30 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि, न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री रहा।
पिछले 24 घंटे की तुलना में रांची समेत विभिन्न जिलों के न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री तक वृद्धि हुई है।मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, राज्य में शुक्रवार से हवा के रूख में बदलाव हो सकता है। उत्तर की सर्द हवा का रूख झारखंड की ओर होगा। इससे अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री और न्यूनतम तापमान तीन से पांच डिग्री की गिरावट आ सकती है। इससे मौसम में ठंड का अनुभव हो सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों की राय
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राजधानी समेत झारखंड में गुरुवार को तापमान में बदलाव आने की संभावना कम है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में कुछ वृद्धि हो सकती है। लेकिन, शुक्रवार से हवा के रूख में परिवर्तन के कारण तापमान में कमी आने की संभावना व्यक्त की गई है। इससे रात की ठंड में कुछ वृद्धि हो सकती है।
जिलों का तापमान
जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री रहा, जो राज्य में सबसे अधिक है। जबकि, मेदिनीनगर का अधिकतम 33.0 और देवघर का 32.3 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री रहा।