1000271292

चांडिल डैम विमान दुर्घटना: एक साल बाद भी जांच अधूरी, पीड़ित परिवार न्याय और इंश्योरेंस के लिए इंतजार में…

खबर को शेयर करें
1000271292

Jamshedpur news: चांडिल डैम में 20 अगस्त 2024 को हुई अलकेमिस्ट एविएशन की प्रशिक्षु विमान दुर्घटना को एक साल पूरा हो गया लेकिन पीड़ित परिवार अब भी न्याय और इंश्योरेंस राशि का इंतजार कर रहे हैं। इस हादसे में पटना के जीत शत्रु आनंद (30) और आदित्यपुर के शुभ्रोदीप दत्ता (20) की मौत हुई थी।

सोनारी एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों में विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना के कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो पाए हैं कि यह तकनीकी खराबी के कारण हुई या पायलट की गलती थी।

विमान को खोजने के लिए पहले एनडीआरएफ की टीम ने प्रयास किया लेकिन जब विमान नहीं मिला तो नेवी की टीम ने पांच दिन की खोज के बाद विमान और दोनों पायलटों के शव डैम से बाहर निकाले।

अलकेमिस्ट एविएशन के एमडी मृणाल कांति पाल ने कहा कि जांच एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इंवेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) कर रही है। विमान के इंजन के कुछ पार्ट्स जांच के लिए अमेरिका भेजे गए हैं।

पीड़ित प्रशिक्षक के बड़े भाई किशोर आनंद का कहना है कि उनका छोटा भाई कभी अलकेमिस्ट एविएशन में काम करने के लिए तैयार नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि विमान 40-50 साल पुराना था और मेंटेनेंस सही तरीके से नहीं होता था।

वहीं मृत प्रशिक्षु शुभ्रोदीप के पिता प्रदीप दत्ता ने कहा कि बेटे की ट्रेनिंग के लिए उन्होंने 20 लाख रुपये जमा किए थे और फ्लाइंग के 2.50 लाख रुपये भी अलग से दिए थे लेकिन दुर्घटना के बाद अलकेमिस्ट ने पैसा वापस नहीं किया।

पीड़ित परिवार अब भी न्याय और इंश्योरेंस राशि के लिए इंतजार कर रहा है जबकि जांच एजेंसियां दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में लगी हुई हैं।