1000214595

Chakradharpur! ड्यूटी के दौरान गीतांजलि एक्सप्रेस की चपेट में आकर ट्रैकमैन की मौत, चक्रधरपुर मंडल में कर्मचारियों की सुरक्षा पर उठे सवाल…

खबर को शेयर करें
1000214595

Jharkhand: चक्रधरपुर रेल मंडल में रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया जहां ड्यूटी पर तैनात एक ट्रैकमैन ट्रेन की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। यह हादसा गोइलकेरा और पोसैता रेलवे स्टेशन के बीच किलोमीटर 356/23-29 के पास कारों नदी पुल पर हुआ। मृतक की पहचान विक्की कुमार के रूप में हुई है जो मनोहरपुर पीडब्ल्यूआई सेक्शन में कार्यरत थे।

जानकारी के अनुसार विक्की कुमार मानसून पेट्रोलिंग के तहत ट्रैक की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान अप लाइन पर तेज गति से आ रही हावड़ा-मुंबई गीतांजलि एक्सप्रेस उन्हें देख नहीं पाई और वह ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी RPF और अन्य कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे। शव को चक्रधरपुर अस्पताल भेजा गया है जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। विक्की मूल रूप से बिहार के गया जिले के रहने वाले थे और उन्होंने महज तीन महीने पहले चक्रधरपुर मंडल में योगदान दिया था।

इस हादसे के बाद रेल ट्रैक पर कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि ट्रैक मेंटेनेंस के दौरान उन्हें पर्याप्त सुरक्षा उपकरण, चेतावनी प्रणाली और समय पर ट्रेन की जानकारी नहीं मिलती जिससे जान पर खतरा मंडराता रहता है।

रेल प्रशासन ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की जांच की जा रही है। साथ ही संबंधित विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि मानसून पेट्रोलिंग के दौरान सुरक्षा उपायों की समीक्षा कर उन्हें और अधिक मजबूत बनाया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।