Chakradharpur: ट्रांसफार्मर पर काम करते समय बिजली मिस्त्री को लगा 11 हजार वोल्ट का करंट, हालत गंभीर…

Jharkhand: कराईकेला थाना क्षेत्र के लांडुपदा गांव में शुक्रवार को बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई। यहां ट्रांसफार्मर की मरम्मत कर रहे बिजली मिस्त्री को अचानक 11 हजार वोल्ट का करंट लग गया।
जानकारी के अनुसार लोटापहाड़ गांव निवासी श्याम सुंदर रजक बिजली विभाग में अनुबंध पर काम करते हैं। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे उन्हें लांडुपदा गांव में खराब ट्रांसफार्मर का फ्यूज ठीक करने का काम दिया गया था। श्याम सुंदर ने शटडाउन लेकर ट्रांसफार्मर पर काम शुरू किया ही था कि अचानक लाइन में बिजली चालू कर दी गई।
तेज करंट लगते ही वे ट्रांसफार्मर से नीचे गिर पड़े। हादसे में उनकी पीठ और पैरों की हड्डियां टूट गईं तथा शरीर के कई हिस्से बुरी तरह झुलस गए। ग्रामीणों और साथी कर्मियों ने तुरंत उन्हें अनुमंडल अस्पताल चक्रधरपुर पहुंचाया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत होने पर उन्हें टाटा टीएमएच रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बिजली विभाग के एसडीओ भामा टुडू अस्पताल पहुंचे और एंबुलेंस की व्यवस्था कराई।
इस घटना से विभागीय कामकाज पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। शटडाउन के बावजूद लाइन में बिजली कैसे प्रवाहित कर दी गई इसका जवाब अभी तक नहीं मिला है।
घटना के बाद सहकर्मियों ने नाराजगी जताई और कहा कि विभागीय लापरवाही के कारण फील्ड में काम करने वाले कर्मचारियों की जान हमेशा खतरे में रहती है। उन्होंने उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

