Chaibasa: कोल्हान यूनिवर्सिटी पर छात्रों का घेराव!! परीक्षा में लापरवाही और अतिरिक्त शुल्क का विरोध…

Azad Reporter desk: कोल्हान यूनिवर्सिटी के खिलाफ सोमवार को युवा जदयू और सैकड़ों छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय की लापरवाही और गलत फैसलों के कारण 2017 से 2024 तक के कई सत्रों के छात्र परेशान हैं।
छात्रों ने बताया कि सत्र 2017-20, 2018-21, 2019-22, 2020-23 और 2021-24 के दौरान GE-1 और GE-2 विषयों की चार परीक्षाएं समय पर आयोजित ही नहीं की गईं। अब दबाव के बाद विश्वविद्यालय ने इन परीक्षाओं के लिए नोटिस तो जारी किया है लेकिन उसमें लिखा है कि “इच्छुक विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हो सकते हैं” और यह भी साफ किया है कि पहले दिए गए मार्कशीट में कोई बदलाव नहीं होगा। केवल चार विषयों के लिए अलग से नया मार्कशीट जारी किया जाएगा।
छात्रों का कहना है कि इस नए मार्कशीट से भविष्य में फर्जीवाड़े का आरोप लग सकता है और उनकी डिग्री की मान्यता पर सवाल खड़े होंगे।
छात्रों की मुख्य मांगें:
•जिन छात्रों ने पहले ही परीक्षा शुल्क दिया था उनसे दोबारा 480 रुपये क्यों लिए जा रहे हैं? फॉर्म मुफ्त में भरे जाएं।
•पुरानी मार्कशीट में ही छूटे हुए विषयों के अंक जोड़े जाएं अलग मार्कशीट जारी न की जाए।
•परीक्षा से पहले पर्याप्त तैयारी का समय दिया जाए और अगर कोई छात्र फेल होता है तो उसे दोबारा परीक्षा का मौका मिले।
•जिन छात्रों ने पहले ही CLC या माइग्रेशन ले लिया है उनकी परीक्षा को वैध माना जाए।
युवा जदयू नेता हेमंत पाठक ने कहा कि यदि कुलपति इस मामले पर जल्द कोई ठोस निर्णय नहीं लेते तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस प्रदर्शन में हेमंत पाठक, साहेब बागती, जगदीप सिंह, सरफुद्दीन उर्फ बाबू, अंजलि कुमारी, संगीता कुमारी, पार्वती कुमारी, पूजा कुमारी, आरोही कुमारी, सपना कुमारी, अमन कुमार, शंकर कुमार, बलदेव कुमार, सूरज कुमार, राह कुमार, मनोज कुमार समेत सैकड़ों छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
छात्रों ने साफ कहा कि कोल्हान विश्वविद्यालय को छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ और आर्थिक दोहन तुरंत बंद करना चाहिए।

