1000242873

Chaibasa: गुवा डाकघर घोटाले में तीन महीने में लौटेगा गबन किया गया पैसा, वरीय डाक अधीक्षक का आश्वासन…

खबर को शेयर करें
1000242873

Jharkhand: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा डाकघर में हुए करोड़ों रुपये के फर्जी फिक्स्ड डिपॉजिट घोटाले के बाद अब पीड़ित खाताधारकों को राहत की उम्मीद जगी है। सिंहभूम प्रमंडल, रांची के वरीय डाक अधीक्षक उदय भान सिंह सोमवार को गुवा डाकघर पहुंचे और प्रारंभिक जांच की।

उन्होंने पीड़ित खाताधारकों को आश्वासन दिया कि विभागीय प्रक्रिया पूरी कर तीन माह के भीतर सभी का पैसा वापस कर दिया जाएगा। अब तक 10 खाताधारकों के साथ 48 लाख 81 हजार 516 रुपये की ठगी की पुष्टि हो चुकी है हालांकि यह आंकड़ा और बढ़ सकता है क्योंकि जांच जारी है।

अधीकरी ने कहा कि केवल आरोपी को पकड़ना ही लक्ष्य नहीं है बल्कि हर पीड़ित को उसकी मेहनत की कमाई वापस दिलाना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए क्लेम फॉर्म भरवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इस घोटाले का आरोप गुवा डाकघर के तत्कालीन पोस्टमास्टर विकास चंद्र कुईला पर है। वर्ष 2021 से 2024 के बीच उसने फिक्स्ड डिपॉजिट के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी कर फर्जी पासबुक दे दी। 20 जून को उसका तबादला गुवा से चिड़िया डाकघर हुआ लेकिन उसने ज्वाइन नहीं किया और तभी से फरार है।

घोटाले के उजागर होने के बाद लोग अपनी पासबुक लेकर डाकघर पहुंच रहे हैं और पारदर्शिता पर सवाल उठा रहे हैं।

लोगों की मांग
•आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाए
•गबन की गई राशि ब्याज सहित लौटाई जाए
•अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की भी जांच हो

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना साबित करती है कि सरकारी संस्थानों में भी जनता की मेहनत की कमाई सुरक्षित नहीं है। फिलहाल वरीय अधीक्षक के आश्वासन से लोगों को उम्मीद है कि उन्हें न्याय मिलेगा और दोषियों को सजा भी।