Chaibasa: फर्जी चालान से हो रहा था अवैध आयरन ओर का परिवहन, दो ट्रक जब्त, खनन विभाग की बड़ी कार्रवाई…

Jharkhand: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में आयरन ओर की अवैध तस्करी को लेकर एक बार फिर बड़ा खुलासा हुआ है। खनन विभाग ने हाटगम्हरिया चेकपोस्ट पर कार्रवाई करते हुए फर्जी चालान के आधार पर ओडिशा से आयरन ओर लाते दो ट्रकों को जब्त किया है। जांच में सामने आया कि ट्रकों में दिखाए गए दस्तावेज फर्जी थे। इसके बाद दोनों ट्रकों को झींकपानी थाना लाकर विधिवत जब्ती सूची तैयार कर कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है।
खनन पदाधिकारी मेघराज टुडू ने बताया कि दोनों ट्रकों में ओडिशा के चालान दिखाए गए लेकिन दस्तावेजों की जांच के बाद वह फर्जी पाए गए। चालान का सत्यापन कराने पर स्पष्ट हो गया कि आयरन ओर की तस्करी फर्जी दस्तावेजों के सहारे की जा रही थी। इस मामले में उपायुक्त को पत्र भेजा गया है ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके। चूंकि मामला वन क्षेत्र से भी जुड़ा है इसलिए फॉरेस्ट विभाग को भी सूचना दे दी गई है।
खनन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि हाटगम्हरिया क्षेत्र में अवैध खनन और तस्करी की गतिविधियां चल रही हैं। उसी सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई जिसमें यह बड़ी तस्करी पकड़ी गई।
नोवामुंडी और बड़ाजामदा जैसे खनन क्षेत्र पहले से ही अवैध खनन के लिए बदनाम हैं। खनन विभाग की इस कार्रवाई ने स्थानीय पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। माफिया फर्जी दस्तावेजों के सहारे खुलेआम प्राकृतिक संसाधनों की लूट में लगे हैं जिन्हें रोकने के लिए लगातार और सख्त कार्रवाई की जरूरत है।
पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने भी अवैध खनन के मुद्दे पर सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम में अवैध खनन, बालू तस्करी, लकड़ी और नशीली चीजों का धंधा तेजी से बढ़ रहा है। यह सब मिलाकर जिले को अवैध कारोबार का केंद्र बना रहे हैं।

