1000275769

Chaibasa : करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से 6 बकरियों की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश…

खबर को शेयर करें
1000275769

Jharkhand: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र के तितलीघाट गांव में एक दर्दनाक हादसा हुआ। गांव के ग्वाला टोली स्थित बिजली खंभे पर वज्रपात होने से करंट प्रवाहित तार टूटकर जमीन पर गिर गया। इस घटना में तीन ग्रामीणों की 6 बकरियां मौके पर ही करंट की चपेट में आकर मर गईं।

ग्रामीण मुंडा मनचुडिया सिद्धू ने बताया कि वज्रपात होते ही जोरदार आवाज के साथ तार टूटकर नीचे गिरा और उसमें तेज करंट दौड़ने लगा। उसी समय पास में चर रही बकरियां इसकी चपेट में आ गईं। इसमें बामिया चांपिया की 3 बकरियां, मोसो चांपिया की 2 बकरियां और कैरा चांपिया की 1 बकरी की मौत हो गई।

ग्रामीणों ने बताया कि मौके पर कुछ लोग भी मौजूद थे लेकिन वे समय रहते बच गए। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही और जर्जर तारों की वजह से अक्सर खतरा बना रहता है। अगर समय पर मरम्मत और निगरानी की जाती तो यह घटना टाली जा सकती थी।

पीड़ित परिवारों ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग से तुरंत मुआवजे की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि गरीब परिवारों की जीविका बकरियों पर निर्भर थी और इस नुकसान से उनकी रोज़मर्रा की जिंदगी पर गहरा असर पड़ेगा।

उन्होंने बिजली विभाग से जर्जर तारों की मरम्मत करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। साथ ही ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर विभाग जिम्मेदारी नहीं निभाता तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।