सावधान!! झारखंड में 14 से 16 जुलाई तक कई जिलों में मूसलधार बारिश की संभावना, IMD ने जारी किया ऑरेंज और येलो अलर्ट…

Azad Reporter desk: बंगाल की खाड़ी में बन रहे साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से झारखंड में अगले तीन दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 14 जुलाई से 16 जुलाई 2025 तक के लिए राज्य के कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
14 जुलाई (सोमवार): दक्षिण-पश्चिम झारखंड में मूसलधार बारिश का अंदेशा
गुमला, खूंटी, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में आज 200 मिमी तक बहुत भारी बारिश हो सकती है।
इसके अलावा लोहरदगा, रांची, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, गिरिडीह, धनबाद, देवघर और जामताड़ा जिलों में 70 से 110 मिमी तक बारिश हो सकती है।
15 जुलाई (मंगलवार): उत्तर-पश्चिम जिलों में चक्रवात का असर, तेज हवा और बारिश का खतरा
पलामू, चतरा, लातेहार और हजारीबाग में 120 से 200 मिमी तक भारी बारिश की संभावना है। साथ ही 40 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज और वज्रपात भी हो सकते हैं।
रांची, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह और दुमका में भी 70 से 110 मिमी तक बारिश हो सकती है।
16 जुलाई (बुधवार): उत्तरी झारखंड में भारी बारिश का पूर्वानुमान
पलामू, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह और चतरा जिलों में 120 से 200 मिमी तक बहुत भारी बारिश की संभावना है।
वहीं बोकारो, धनबाद, जामताड़ा और देवघर जिलों में 110 मिमी तक बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक 17 से 19 जुलाई तक राज्य में मौसम सामान्य रह सकता है। इस दौरान किसी भी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है।
अलर्ट स्तर
ऑरेंज अलर्ट (अत्यधिक सावधानी जरूरी): गुमला, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पलामू, हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह
येलो अलर्ट (सावधानी बरतें): रांची, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, बोकारो, दुमका, सरायकेला-खरसावां
राज्यवासियों को सलाह दी जाती है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें अनावश्यक यात्रा से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।

