रांची के अनगड़ा में स्कूल में घुसकर दबंगों ने छात्र को पीटा, शिक्षक बने रहे दर्शक…

Jharkhand: रांची के अनगड़ा प्रखंड में स्थित चिलदाग प्लस टू हाई स्कूल में बुधवार को उस समय हंगामा मच गया जब कुछ दबंग स्कूल परिसर में घुस आए और एक छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी।
जानकारी के अनुसार एक छात्रा ने अपने परिजनों को फोन कर किसी छात्र द्वारा अपशब्द कहने की शिकायत की। इसके बाद छात्रा का भाई, पिता, चाचा और कुछ अन्य लोग स्कूल पहुंच गए। आरोप है कि इन लोगों ने प्राचार्य के कार्यालय से छात्र को बाहर बुलाया और फिर लात-घूंसों से उसकी जमकर पिटाई की। मारपीट के दौरान छात्र को कई बार उठाकर जमीन पर पटक दिया गया जिससे वह बेहोश हो गया।
इस घटना के दौरान स्कूल के शिक्षक और प्रबंधन के सदस्य तमाशबीन बने रहे और किसी ने भी बीच-बचाव की कोशिश नहीं की। मारपीट के बाद मारपीट करने वाले ये लोग आसानी से स्कूल परिसर से निकल गए।
पूरी घटना स्कूल में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने पीड़ित और आरोपी दोनों पक्षों को नोटिस जारी कर अभिभावकों को गुरुवार को स्कूल बुलाया है। पीड़ित परिवार ने मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

