BREAKING: मानगो नगर निगम की मेयर प्रत्याशी ज़ेबा खान को कांग्रेस ने पार्टी से किया निलंबित…

जमशेदपुर के मानगो नगर निगम क्षेत्र से मेयर पद का चुनाव लड़ रही कांग्रेस की बागी प्रत्याशी ज़ेबा खान को पार्टी ने निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा अनुशासनहीनता और पार्टी-विरोधी गतिविधियों के आरोप में की गई है।

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पहले ही निर्देश जारी किया था कि नगर निगम में मेयर और नगर परिषद में अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों का चयन जिला राजनीतिक मामलों की समिति की सहमति से किया जाएगा। पार्टी ने साफ कहा था कि केवल उन्हीं उम्मीदवारों को समर्थन मिलेगा जिनके नाम पर समिति की सर्वसम्मति होगी।
इसके बाद 5 फरवरी को दोबारा आदेश जारी कर कहा गया कि जिन उम्मीदवारों को समिति का समर्थन नहीं है वे 6 फरवरी दोपहर 3 बजे तक अपना नाम वापस ले लें।
ज़ेबा खान ने पार्टी के आदेश के बावजूद अपना नामांकन वापस नहीं लिया। इस पर पार्टी ने उनसे जवाब मांगा लेकिन उनका स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया। उन्होंने समिति पर पक्षपात का आरोप लगाया जिसे कांग्रेस ने खारिज कर दिया।
पार्टी ने साफ कहा कि यह समिति नियमों के तहत बनी है और इसमें संगठन के वरिष्ठ नेता शामिल हैं। ऐसे में लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं।
कांग्रेस का मानना है कि चुनाव के समय इस तरह की अनुशासनहीनता से पार्टी की छवि और रणनीति दोनों को नुकसान होता है। इसी वजह से अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए ज़ेबा खान को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निलंबित कर दिया गया।
इस कार्रवाई के बाद मानगो नगर निगम चुनाव में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। हालांकि ज़ेबा खान की ओर से अब तक निलंबन को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


