Bokaro: 107 एकड़ वन भूमि घोटाला: राजबीर कंस्ट्रक्शन के संचालक पुनीत अग्रवाल गिरफ्तार…

Jharkhand: तेतुलिया मौजा में 107 एकड़ वन भूमि की फर्जी तरीके से खरीद-बिक्री के मामले में CID ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए राजबीर कंस्ट्रक्शन, रांची के संचालक पुनीत अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें उनके लालपुर स्थित आवास से पकड़ा गया।
पुनीत अग्रवाल पर आरोप है कि उन्होंने उमायुष कंपनी को उक्त जमीन के बदले 3 करोड़ 40 लाख रुपये का भुगतान किया था जबकि यह जमीन वन भूमि थी और इसे बेचना गैरकानूनी था।
इस मामले में यह CID की तीसरी गिरफ्तारी है। इससे पहले इजहार हुसैन और अख्तर हुसैन को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन्होंने ही फर्जी कागजात बनवाकर वर्ष 2021 में उमायुष मल्टीकाम प्राइवेट लिमिटेड को यह जमीन मात्र 10.3 करोड़ रुपये में बेच दी थी जबकि उस समय जमीन की सर्किल रेट ही करीब 23 करोड़ रुपये थी।
घोटाले का खुलासा होने के बाद वन विभाग ने सीजेएम कोर्ट, बोकारो में याचिका दाखिल की थी। कोर्ट के निर्देश पर सेक्टर-12 थाना, बोकारो में इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
अब CID पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।


