भाजपा सांसद मनोज तिवारी और निशिकांत दूबे पर बाबाधाम के गर्भगृह में जबरन घुसने का आरोप, मामला दर्ज…

Azad Reporter desk: बाबाधाम के गर्भगृह में जबरन प्रवेश करने के मामले में भाजपा सांसद मनोज तिवारी और गोड्डा सांसद निशिकांत दूबे के खिलाफ शिकायत दर्ज हुई है। यह शिकायत पंडा धर्म रक्षिणी के पूर्व महामंत्री कार्तिकनाथ ठाकुर ने दर्ज कराई है।
कार्तिकनाथ ठाकुर के अनुसार 2 अगस्त की रात करीब 8:45 बजे श्रावणी मेले के दौरान सायंकालीन कांचा जल पूजा चल रही थी। इसी दौरान दोनों सांसद और उनके साथ मौजूद लोग गर्भगृह में प्रवेश करने पहुंचे। पुरोहितों ने उन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन स्थानीय शख्स अभयानंद झा ने मनोज तिवारी और उनके सचिव को जबरन अंदर पहुंचा दिया।
आरोप है कि गर्भगृह में प्रवेश के लिए निकास द्वार पर तैनात पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की भी हुई। इससे मंदिर परिसर में अफरातफरी मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
गौरतलब है कि श्रावणी मेले के दौरान VIP और VVIP पूजा पर पहले से ही पूरी तरह रोक है जिसकी घोषणा प्रशासन ने पहले ही कर दी थी। इसके बावजूद गर्भगृह में प्रवेश को श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस और सरकारी आदेश की अवहेलना माना जा रहा है। मंदिर प्रबंधन और तीर्थ पुरोहितों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

