फर्जी वेबसाइट से बन रहे थे जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, उपायुक्त ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश…

Jharkhand: पलामू जिले में फर्जी वेबसाइटों के जरिए जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किए जाने के मामले को उपायुक्त समीरा एस ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। उपायुक्त ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां न सिर्फ आम जनता को भ्रमित करती हैं बल्कि सरकारी दस्तावेजों की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़ा करती हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत सरकार के महारजिस्ट्रार कार्यालय नई दिल्ली द्वारा विकसित सीएसआर पोर्टल (https://crsorgi.gov.in) ही जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए अधिकृत और वैध वेबसाइट है। इसी पोर्टल से जारी प्रमाण पत्र को ही कानूनी मान्यता प्राप्त है।
उपायुक्त ने जिले के सभी बीडीओ, नगर निकायों के अधिकारी अस्पतालों के प्रभारी चिकित्सक और जनसेवा से जुड़ी संस्थाओं को निर्देश दिया है कि वे अपने क्षेत्र में लोगों को इस अधिकृत पोर्टल की जानकारी दें और फर्जी वेबसाइटों से सतर्क करें।
साथ ही जिले के सभी प्रज्ञा केंद्रों, साइबर कैफे और अन्य जनसेवा केंद्रों की नियमित जांच करने को कहा गया है जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसी भी अनधिकृत वेबसाइट से जन्म या मृत्यु प्रमाण पत्र जारी न हो।
उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्र में नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त तथा ग्रामीण क्षेत्र में पंचायत सचिव ही प्रमाण पत्र निर्गत करने के लिए अधिकृत अधिकारी हैं।
अंत में उपायुक्त ने चेतावनी दी कि फर्जी वेबसाइटों से प्रमाण पत्र बनवाने या दूसरों को बनवाने में संलिप्त पाए जाने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


