चाकुलिया में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, एक अन्य घायल…

Jharkhand: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाकुलिया थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा चाकुलिया-शीशाखून मुख्य सड़क पर जोड़ाम गांव के पास हुआ।
मृतक की पहचान गालूडीह निवासी 27 वर्षीय नीलू सदन के रूप में हुई है जबकि घायल युवक का नाम शिवम मंडल (30 वर्ष) है जो पाटमहुलिया का निवासी है। दोनों युवक चालुनिया पंचायत के जयनगर गांव स्थित कन्हाईश्वर पहाड़ पर पूजा कर अपनी बाइक (संख्या JH 05 DK 3004) से लौट रहे थे। लौटते वक्त जोड़ाम के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों घायलों को अपनी बोलेरो गाड़ी से चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने नीलू सदन को मृत घोषित कर दिया। वहीं शिवम मंडल की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। इस हादसे से गांव में मातम पसरा हुआ है।

