Bihar: सारण में शिक्षक की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार बदमाशों ने घर के सामने दिया वारदात को अंजाम…

Azad Reporter desk: बिहार में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला सारण जिले के दरियापुर थाना क्षेत्र से सामने आया है जहां रविवार सुबह एक शिक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग दहशत में हैं।
मृतक की पहचान बिशाही गांव निवासी संतोष राय के रूप में हुई है जो कोरना बथान विद्यालय में प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत थे। वह रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे बाजार से अपनी कार से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह अपने घर के पास कार से उतरे तभी बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी।
बदमाशों ने संतोष राय को निशाना बनाते हुए दो गोलियां चलाईं और हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनते ही परिजन और आसपास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे। खून से लथपथ संतोष राय को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां से उन्हें पीएमसीएच पटना रेफर किया गया। लेकिन पटना पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।
जैसे ही उनकी मौत की खबर गांव पहुंची वहां कोहराम मच गया। परिजन सदमे में हैं और पत्नी बार-बार बेहोश हो रही हैं। ग्रामीणों के अनुसार संतोष राय एक शांत और मिलनसार व्यक्ति थे। उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी।
इस मामले पर दरियापुर थानाध्यक्ष कामेश्वर प्रसाद ने बताया कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। गांव को सील कर संदिग्धों की तलाश जारी है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

