1000244417

Bihar: किशनगंज में भीड़ ने चोरी के आरोप में युवक को पीट-पीटकर मार डाला, 6 लोग हिरासत में…

खबर को शेयर करें
1000244417

Azad Reporter Desk: बिहार के किशनगंज जिले के बहादुरगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को भीड़ ने चोरी के आरोप में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक का नाम सब्बीर आलम (35 वर्ष) है जो दिघलबैंक थाना के सुखानदिघी गांव का रहने वाला था।

घटना गुआबारी पंचायत के डुबाडांगी गांव में हुई। बताया जा रहा है कि सुबह ग्रामीणों ने सब्बीर को कथित तौर पर चोरी करते हुए पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। घायल अवस्था में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 लोगों को हिरासत में लिया है।

घटना की जानकारी मिलते ही SDPO गौतम कुमार और बहादुरगंज थानाध्यक्ष संदीप कुमार मौके पर पहुंचे। एसपी सागर कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और बताया कि वीडियो और अन्य सबूतों के आधार पर दोषियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि मृतक सब्बीर आलम के खिलाफ पहले से चोरी के तीन मामले दर्ज थे। वहीं मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि यह हत्या की साजिश थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

लेकिन असली सवाल है कि चाहे कोई अपराधी हो या चोरी करता हो कानून को अपने हाथ में लेने का हक़ किसी को नहीं है। न्याय और सज़ा देने का काम अदालत और कानून व्यवस्था का है भीड़ का नहीं।