बिहार चुनाव 2025 : वीआईपी पार्टी 60 सीटों पर लड़ेगी चुनाव, महागठबंधन में सीट बंटवारे की बढ़ेगी टेंशन…

Azad Reporter desk: बिहार की राजनीति में नई हलचल शुरू हो गई है। विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने 2025 के विधानसभा चुनाव में 60 सीटों पर चुनाव लड़ने का एलान कर दिया है। इस घोषणा के बाद महागठबंधन और अन्य दलों में सीट बंटवारे को लेकर खींचतान तेज हो सकती है।
सोशल मीडिया पर किया एलान
मुकेश सहनी ने सोशल मीडिया पर लिखा “वीआईपी 2025 में 60 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। हमारे सहयोगी दल बाकी बची सीटों पर चुनाव लड़ेंगे।”
इस बयान से साफ है कि वीआईपी अब केवल सहयोगी पार्टी नहीं बल्कि बड़ी ताकत बनने की कोशिश में है।
पिछला चुनाव और वर्तमान समीकरण
2020 में वीआईपी ने एनडीए के साथ चुनाव लड़ा था और 4 सीटें जीती थीं। लेकिन बाद में भाजपा से मतभेद होने पर गठबंधन टूट गया। अब सहनी की नजर महागठबंधन (आईएनडीआईए) पर है।
मल्लाह समाज में बढ़ता प्रभाव
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मल्लाह (मछुआरा) समाज में सहनी का जनाधार मजबूत हुआ है। इसी वजह से वह ज्यादा सीटों पर दावा कर रहे हैं।
अगर वीआईपी महागठबंधन में शामिल होती है तो राजद, कांग्रेस, वाम दल और झामुमो को अपने हिस्से की सीटें छोड़नी पड़ सकती हैं।
•सीपीआई पहले ही 20 सीटें मांग चुकी है।
•झामुमो 12 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है।
•तीनों वाम दल इस बार 40 से ज्यादा सीटों की मांग कर रहे हैं।
पशुपति पारस की पार्टी ने सभी 243 सीटों पर लड़ने का ऐलान किया है और महागठबंधन में आने पर करीब 25 सीटों की मांग कर सकती है।
इस तरह मुकेश सहनी का यह बड़ा दांव बिहार की राजनीति में नए समीकरण बना सकता है।

