Bihar: चिराग पासवान के एक ऐलान ने बढ़ा दी भाजपा और जदयू की बेचैनी…

Azad Reporter desk: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर बड़ा ऐलान कर दिया है। उन्होंने खुली जनसभा से घोषणा की है कि उनकी पार्टी राज्य की 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। यह ऐलान उन्होंने रविवार को छपरा के राजेंद्र स्टेडियम में ‘नव-संकल्प महासभा’ के मंच से किया जहां हजारों की भीड़ जुटी थी।
सभा को संबोधित करते हुए चिराग पासवान ने कहा “मैं चुनाव लडूंगा बिहारियों के लिए अपने भाइयों के लिए अपनी माताओं और बहनों के लिए। हम ऐसा बिहार बनाएंगे जो वास्तव में विकास की राह पर चलेगा।”
उन्होंने आगे कहा “मैं ना रुकने वाला हूं ना थकने वाला हूं और डरता तो मैं किसी से नहीं हूं। जितनी ताकत आजमानी है आजमा लो। सर पर कफन बांध कर निकला हूं कि जब तक बिहार को विकसित राज्य नहीं बना दूं तब तक चैन की सांस नहीं लूंगा। लेकिन इसके लिए मुझे आप सभी का साथ चाहिए।”
चिराग पासवान के इस ऐलान से एनडीए गठबंधन में हलचल तेज हो गई है। चूंकि एलजेपी (रामविलास) एनडीए का हिस्सा है इसलिए भाजपा और जदयू की रणनीति अब नए सिरे से बनानी पड़ सकती है।
अपने भाषण में चिराग ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ ताकतें नहीं चाहतीं कि वह बिहार आएं। उन्होंने कहा “जिन लोगों ने बिहार के युवाओं को पलायन के लिए मजबूर किया वही आज नहीं चाहते कि मैं यहां लौटूं। उन्हें डर है कि अगर चिराग पासवान बिहार में सक्रिय हो गया तो वह युवाओं, महिलाओं, किसानों और मजदूरों को उनका हक दिलाएगा। इसलिए वे षड्यंत्र करते हैं और भ्रम फैलाते हैं कि क्या मैं चुनाव लड़ूंगा या नहीं।”


