बिहार बना देश का पहला राज्य जहां मोबाइल से होगी ई-वोटिंग, घर बैठे डाल सकेंगे वोट…

Azad Reporter desk: बिहार ने चुनावी इतिहास में एक नई शुरुआत की है। अब राज्य के कुछ मतदाता मोबाइल फोन के जरिए घर बैठे ही मतदान कर सकेंगे। यह देश की पहली ऐसी पहल है जिसमें स्मार्टफोन के माध्यम से ई-वोटिंग की सुविधा दी जा रही है।
यह सुविधा 28 जून 2025 को होने वाले नगरपालिका आम और उप-चुनाव में लागू की गई है। बिहार राज्य निर्वाचन आयोग ने इस तकनीकी बदलाव की पुष्टि करते हुए कहा है कि इससे मतदान प्रक्रिया अधिक स्मार्ट, पारदर्शी और सुलभ होगी।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार ई-वोटिंग के लिए कुल 51,157 मतदाताओं ने पंजीकरण कराया है। इनमें बुजुर्ग, दिव्यांग, असाध्य रोगों से पीड़ित, गर्भवती महिलाएं और प्रवासी मजदूर शामिल हैं।
पंजीकृत मतदाता मोबाइल ऐप के जरिए घर बैठे वोट डाल सकेंगे। इसके लिए उन्हें ऐप पर लॉगिन करना होगा फिर OTP और पहचान पत्र के माध्यम से अपनी पहचान सत्यापित करनी होगी। इसके बाद वे अपना वोट सुरक्षित तरीके से डाल सकेंगे। आयोग का कहना है कि यह पूरी प्रक्रिया सुरक्षित और भरोसेमंद है।
पटना, पूर्वी चंपारण, गया, रोहतास, बक्सर, बांका, सारण और सिवान जिलों में इस व्यवस्था के लिए सबसे अधिक पंजीकरण बक्सर जिले से हुए हैं।
राज्य निर्वाचन आयुक्त दीपक प्रसाद ने बताया कि ई-वोटिंग से उन मतदाताओं को राहत मिलेगी जो किसी कारणवश मतदान केंद्र तक नहीं पहुंच पाते हैं। इसके अलावा इससे मतदान प्रतिशत बढ़ेगा और प्रक्रिया अधिक पारदर्शी होगी।

