रेलवे कर्मचारियों को बड़ी राहत !! अब विभाग और पद बदलना हुआ आसान, म्यूचुअल ट्रांसफर को मिली मंजूरी…

Azad Reporter desk: भारतीय रेलवे ने 1800 ग्रेड पे वाले कर्मचारियों के लिए बड़ा फैसला लिया है। रेलवे बोर्ड ने आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि अब इस श्रेणी के कर्मचारी आपसी सहमति से अपने पदों और विभागों की अदला-बदली कर सकेंगे।
इस फैसले के तहत रेलकर्मी मंडल के अंदर दो अलग-अलग मंडलों के बीच या फिर अलग-अलग जोन में भी आपसी सहमति से स्थान बदल सकेंगे। यानी अब कर्मचारी अपनी सुविधा और इच्छा के अनुसार बेहतर स्थान पर काम कर पाएंगे।
ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन (ईसीआरकेयू) ने इस फैसले का स्वागत किया है। यूनियन के धनबाद मंडल के मीडिया प्रभारी एन.के. खवास ने कहा कि इस निर्णय से कर्मचारियों को काफी राहत मिलेगी, क्योंकि लंबे समय से इसकी मांग की जा रही थी।
फेडरेशन के जोनल सचिव ओ.पी. शर्मा ने बताया कि पहले अलग-अलग विभागों के बीच आपसी ट्रांसफर को मंडल और जोन स्तर पर स्वीकार नहीं किया जा रहा था। फेडरेशन की ओर से इस विषय पर रेलवे बोर्ड से गाइडलाइन जारी करने का आग्रह किया गया था जिसके बाद अब बोर्ड ने स्पष्ट आदेश जारी कर दिया है।
इस निर्णय के बाद अब रेलकर्मी आपसी सहमति से अपनी पसंद के विभाग, जोन और मंडल में काम कर सकेंगे।


