Microsoft में फिर बड़ी छंटनी! AI और रिस्ट्रक्चरिंग के नाम पर 9000 कर्मचारियों की नौकरी जाएगी, दो महीने में दूसरी बार कटौती…

Azad Reporter desk: टेक दिग्गज माइक्रोसॉफ्ट एक बार फिर बड़ी छंटनी करने जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी करीब 9000 कर्मचारियों की छंटनी कर सकती है, जो कुल वर्कफोर्स का लगभग 4% हिस्सा है। इससे पहले मई 2025 में भी कंपनी ने 6000 लोगों को नौकरी से हटाया था। यानी दो महीने में यह दूसरी बड़ी छंटनी है।
माइक्रोसॉफ्ट के मुताबिक यह छंटनी उसके रिस्ट्रक्चरिंग प्लान और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में निवेश के तहत की जा रही है। कंपनी का कहना है कि यह कदम प्रक्रियाओं को सरल बनाने और मैनेजमेंट लेयर को घटाने के लिए जरूरी है। बताया जा रहा है कि इस छंटनी का असर खास तौर पर सेल्स, मार्केटिंग और Xbox डिवीजन पर पड़ेगा।
जानकारों का कहना है कि इस बार की छंटनी से वे कर्मचारी ज्यादा प्रभावित होंगे जो लंबे समय से पुराने प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं। कंपनी धीरे-धीरे नए टेक्नोलॉजी और AI आधारित मॉडल की तरफ बढ़ रही है।
माइक्रोसॉफ्ट ने यह आश्वासन दिया है कि छंटनी से प्रभावित कर्मचारियों को सपोर्ट पैकेज और नई नौकरी खोजने में मदद दी जाएगी। हालांकि विशेषज्ञों और कर्मचारी संगठनों का मानना है कि लगातार हो रही छंटनियों से कर्मचारियों का मनोबल टूट रहा है और यह उनके मानसिक स्वास्थ्य को भी प्रभावित कर सकता है।
माइक्रोसॉफ्ट दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी टेक कंपनी है जिसमें 2.28 लाख से ज्यादा कर्मचारी काम करते हैं। यह कंपनी 190 देशों में अपनी सेवाएं देती है और इसका हेडक्वार्टर अमेरिका के वॉशिंगटन में स्थित है। 500 एकड़ में फैले इस मुख्यालय में 125 बिल्डिंग, खेल के मैदान, पार्क, जिम और कई सुविधाएं मौजूद हैं।

