मणिपुर में 250 करोड़ की बड़ी ठगी, 5000 लोगों को झांसा देकर लूटा पैसा, ED ने की बड़ी कार्रवाई, जानें पूरा मामला…

Azad Reporter desk: मणिपुर से एक बड़ा ठगी का मामला सामने आया है। यहां बिर्ला एम्पोरियम नाम की कंपनी और उसके डायरेक्टर युमनाम इराबंता सिंह पर करीब 5 हजार लोगों से 250 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप है। अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 28.02 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर ली है।
ईडी की जांच में सामने आया है कि साल 2019 से 2021 के बीच बिर्ला एम्पोरियम ने लोगों को ज्यादा मुनाफे का झांसा देकर पैसे जमा करवाए। लेकिन इन पैसों को किसी कारोबार में नहीं लगाया गया बल्कि डायरेक्टर और उसके साथियों ने इस पैसे से जमीन घर और गाड़ियां खरीदीं।
इस कंपनी ने इरा फाइनेंस के नाम से एक और स्कीम चलाई जिसमें लोगों को Loan Against Property यानी प्रॉपर्टी गिरवी रखकर लोन देने का लालच दिया गया। बाद में जिन लोगों ने लोन लिया था उनकी जमीन और मकान कंपनी के कर्मचारियों के नाम पर रजिस्ट्री करवा लिए गए।
धीरे-धीरे कंपनी ने ऑफिस बंद कर दिए और किसी को भी पैसा लौटाना बंद कर दिया। जांच में पता चला कि ठगी के पैसों से करीब 85 संपत्तियां खरीदी गईं।
ईडी ने इस ठगी से जुड़ी 28.02 करोड़ रुपये की संपत्तियों को जब्त किया है जिसमें कई जमीनें, मकान और गाड़ियां शामिल हैं। यह कार्रवाई मणिपुर सीआईडी द्वारा दर्ज केसों के आधार पर की गई है। ईडी ने 6 जून को PMLA स्पेशल कोर्ट में इन संपत्तियों की जब्ती को लेकर मुकदमा भी दायर किया है।
ईडी ने बिर्ला एम्पोरियम उसके डायरेक्टर और सहयोगियों के खिलाफ सप्लीमेंट्री प्रॉसिक्यूशन कंप्लेंट दायर कर दी है और आगे की जांच जारी है।


