झारखंड मंईयां सम्मान योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा : बिहार और बंगाल के साइबर ठगों ने मृतकों और पुरुषों के नाम पर लूटे लाखों रुपये…

Jharkhand: झारखंड सरकार की महिलाओं के लिए चलाई जा रही मंईयां सम्मान योजना में बड़ा घोटाला सामने आया है। इस योजना में बिहार और बंगाल के साइबर ठगों ने फर्जीवाड़ा करते हुए मृतकों और पुरुषों के नाम पर लाखों रुपये निकाल लिए।
जमशेदपुर पुलिस की जांच में सामने आया है कि बिहार के किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड के 40 ऐसे लोगों के नाम पर पैसे निकाले गए हैं जो या तो पुरुष हैं या फिर उनकी मौत हो चुकी है। यह योजना केवल झारखंड की महिलाओं के लिए है फिर भी साइबर ठगों ने ऑनलाइन आवेदन कर इन फर्जी लाभुकों के नाम से पैसा उठाया।
जांच में सामने आया कि मृतक मशरफ अली और 75 वर्षीय महिला रियाजुल निशा के खाते में भी पैसा आया लेकिन उन्हें इसकी जानकारी तक नहीं थी। कई लाभुक ऐसे भी पाए गए जो पंजाब और दिल्ली में काम करने गए हैं और उन्हें भी योजना का कोई लाभ नहीं मिला।
इस पूरे मामले में तीन CSP (ग्रामीण बैंकिंग केंद्र) संचालक मुख्य आरोपी माने जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार इन्हीं के जरिए तीन-तीन किस्तों में पैसा निकाला गया है।
जमशेदपुर पुलिस की टीम जब जांच के लिए बिहार के ठाकुरगंज और बंगाल के उत्तर दिनाजपुर पहुंची तो वहां भी यही गड़बड़ी सामने आई। उत्तर दिनाजपुर जिले में 132 फर्जी लाभुकों द्वारा इस योजना का लाभ लिए जाने की पुष्टि हुई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह पूरा खेल ऑनलाइन हुआ है और अधिकतर लाभुकों को इस घोटाले की भनक तक नहीं लगी। पुलिस अब इस फर्जीवाड़े में शामिल दलालों और CSP संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
पुलिस की जांच में यह भी साफ हुआ है कि अधिकारियों ने बिना जांच किए लाभुकों की सूची तैयार कर दी जिससे फर्जीवाड़ा करने वालों को आसानी से पैसे निकालने का मौका मिला।
इस बीच हजारों असली लाभार्थी महिलाएं योजना का लाभ पाने के लिए डीसी ऑफिस और अंचल कार्यालय के चक्कर काट रही हैं लेकिन उन्हें कोई मदद नहीं मिल पा रही है।

