बिहार चुनाव से पहले शराब तस्करी का बड़ा खुलासा, 1.12 करोड़ की अवैध विदेशी शराब जब्त…

Azad Reporter desk: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले शराब तस्करी जोरों पर है। इसी बीच यूपी के चंदौली जिले की पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। अलीनगर थाना पुलिस, एसओजी टीम और बिहार की एंटी लिकर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में 1 करोड़ 12 लाख रुपये की अवैध विदेशी शराब जब्त की गई है।
यह शराब पंजाब से बिहार भेजी जा रही थी और उसे ट्रक में सीमेंट की बोरियों के पीछे छिपाकर ले जाया जा रहा था ताकि पुलिस को शक न हो।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शराब से भरा ट्रक बिहार भेजा जा रहा है। इसी आधार पर संयुक्त जांच अभियान चलाया गया। जब एक ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, तो सीमेंट की बोरियों के पीछे छिपाकर रखी गईं 720 पेटियां अवैध शराब बरामद की गईं।
पुलिस ने मौके से ट्रक को जब्त कर लिया और पंजाब निवासी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 12 लाख रुपये बताई जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि यह शराब बिहार भेजी जा रही थी जहां विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। चुनाव के चलते तस्करी के मामलों में तेजी आई है। बिहार में शराबबंदी कानून लागू है लेकिन अवैध शराब का धंधा अभी भी जारी है।
पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। ट्रक मालिक और गिरोह के अन्य लोगों की तलाश शुरू हो चुकी है। साथ ही पुलिस गैंगस्टर एक्ट समेत अन्य सख्त धाराओं में कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

