तत्काल टिकट बुकिंग के नियमों में बड़ा बदलाव, 15 जुलाई से काउंटर और एजेंट बुकिंग में लागू होंगे नए नियम…

Azad reporter desk/ Railways: रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग सिस्टम में होने वाली धांधली को रोकने के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब 15 जुलाई से तत्काल टिकट बुक कराने के नियमों में बदलाव किए जा रहे हैं। ये नियम न सिर्फ ऑनलाइन बुकिंग पर लागू होंगे बल्कि काउंटर और एजेंट के जरिए होने वाली बुकिंग पर भी असर डालेंगे।
नए नियमों के मुताबिक अब काउंटर से तत्काल टिकट बुक कराने के लिए आपके मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी भेजा जाएगा जिसे सिस्टम में दर्ज करने के बाद ही टिकट बुक हो पाएगी। यानी बिना ओटीपी के अब काउंटर से तत्काल टिकट बुक नहीं होगी।
एजेंट के लिए भी नया नियम लागू होगा। अब एजेंट तत्काल टिकट बुकिंग खुलने के 30 मिनट बाद ही टिकट बुक कर सकेंगे। उदाहरण के तौर पर एसी क्लास के लिए बुकिंग सुबह 10 बजे शुरू होती है तो एजेंट 10:30 बजे से ही टिकट बुक कर पाएंगे। इसी तरह, नॉन-एसी के लिए बुकिंग 11 बजे से शुरू होती है और एजेंट 11:30 बजे से टिकट बुक कर सकेंगे।
साथ ही ऑनलाइन तत्काल टिकट बुकिंग के लिए आधार ऑथेंटिकेशन अनिवार्य कर दिया गया है।
रेलवे को उम्मीद है कि इन बदलावों से टिकट बुकिंग में पारदर्शिता बढ़ेगी और दलालों पर लगाम लगेगी।


