बुकिंग सिस्टम में हो गया बड़ा बदलाव!! भारतीय रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग में ट्रांसपेरेंसी लाने और फर्जीवाड़ा रोकने के लिए कई बदलाव, जानें…

Azad Reporter desk: भारतीय रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। अब रेलवे टिकट बुकिंग में पारदर्शिता लाने और फर्जीवाड़ा रोकने के लिए आधार और OTP वेरिफिकेशन अनिवार्य कर दिया गया है। ये नए नियम 1 जुलाई और 15 जुलाई 2025 से लागू हो चुके हैं।
1 जुलाई से IRCTC की वेबसाइट और ऐप से तत्काल टिकट बुक करने के लिए यात्रियों का आधार नंबर IRCTC प्रोफाइल से लिंक होना जरूरी कर दिया गया है। वहीं 15 जुलाई से सभी ऑनलाइन और काउंटर बुकिंग के लिए मोबाइल OTP वेरिफिकेशन जरूरी कर दिया गया है। यानी अब टिकट बुक करते समय यात्रियों के मोबाइल पर OTP आएगा जिसे डाले बिना टिकट बुक नहीं हो पाएगी।
रेलवे के अनुसार अब अधिकृत रेलवे एजेंट भी PRS काउंटर से जब टिकट बुक करेंगे तब भी OTP वेरिफिकेशन जरूरी होगा। इससे टिकट दलालों की गतिविधियों पर रोक लग सकेगी।
कैसे करें तत्काल टिकट बुकिंग? आसान तरीके से समझिए स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस:
- सबसे पहले IRCTC की वेबसाइट https://www.irctc.co.in पर जाएं।
- अपना यूजरनेम और पासवर्ड डालकर लॉग इन करें।
- स्टेशन का नाम, यात्रा की तारीख और श्रेणी भरें।
- ‘कोटा’ में से ‘तत्काल’ विकल्प चुनें।
- अब ट्रेन की लिस्ट दिखेगी, अपनी ट्रेन और क्लास चुनें।
- ‘Book Now’ पर क्लिक करें।
- यात्री की पूरी जानकारी भरें।
- मोबाइल नंबर डालें और OTP वेरीफाई करें।
- पेमेंट करें और ‘बुक करें’ पर क्लिक करें।
रेलवे ने यह भी घोषणा की है कि आम यात्रियों को प्राथमिकता देने के लिए अब अधिकृत एजेंट AC कोच की तत्काल बुकिंग सुबह 10:00 से 10:30 बजे तक और नॉन-AC कोच की बुकिंग सुबह 11:00 से 11:30 बजे तक नहीं कर पाएंगे।
रेलवे का कहना है कि इससे फर्जी बुकिंग और दलालों की मनमानी पर लगाम लगेगी। साथ ही आम यात्रियों को टिकट पाने में प्राथमिकता मिलेगी।
अब अगर आप तत्काल टिकट बुक करना चाहते हैं तो अपना आधार लिंक करना और मोबाइल OTP वेरिफिकेशन याद रखें वरना टिकट बुक नहीं हो पाएगा।


