1000214006

झारखंड में फर्जी ट्रेनिंग सेंटर का बड़ा भंडाफोड़, नौकरी के नाम पर युवाओं से ठगे 25-25 हजार रुपये…

खबर को शेयर करें
1000214006

Jharkhand: झारखंड की राजधानी रांची में नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। CID ने नामकुम इलाके में चल रहे एक फर्जी ट्रेनिंग सेंटर पर छापेमारी कर इसका भंडाफोड़ किया। यह सेंटर ‘RHI Nature Wellness Private Limited’ के नाम से केतारी बागान घाट रोड पर संचालित हो रहा था।

जानकारी के मुताबिक इस सेंटर में युवाओं को कृषि, कॉस्मेटिक और हेल्थकेयर प्रोडक्ट्स की मार्केटिंग की ट्रेनिंग दी जा रही थी और दावा किया जा रहा था कि ट्रेनिंग के दो महीने के भीतर उन्हें नौकरी मिल जाएगी। इसके लिए युवाओं से 20 से 25 हजार रुपये वसूले गए थे।

हालांकि कई महीनों से ट्रेनिंग लेने के बावजूद किसी को भी नौकरी नहीं मिली जिससे युवाओं को ठगे जाने का अहसास हुआ। इस बात की सूचना सीआईडी को मिली जिसके बाद नामकुम और चुटिया थाना पुलिस के सहयोग से छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान सीआईडी की टीम ने सेंटर से ट्रेनर्स को हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू कर दी है। टीम को संदेह है कि इस फर्जीवाड़े के पीछे एक बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और सीआईडी ठगी के इस गिरोह की गहराई तक जाने का प्रयास कर रही है।

नौकरी की चाहत में ठगे जा रहे युवाओं के लिए यह एक चेतावनी है। किसी भी ट्रेनिंग या जॉब ऑफर को स्वीकार करने से पहले उसके वैधता की पूरी जांच कर लें।