1000285111

जमशेदपुर में बड़ी कार्रवाई : अगस्त महीने में 49 हजार से अधिक राशन कार्ड रद्द, तीन माह में 2,476 लोगों ने किया सरेंडर…

खबर को शेयर करें
1000285111

Jamshedpur news: पूर्वी सिंहभूम जिले में अपात्र राशन कार्डधारियों की पहचान और नाम हटाने की प्रक्रिया लगातार जारी है। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर चल रहे इस अभियान के तहत सिर्फ अगस्त महीने में ही 49,764 राशन कार्डधारियों के नाम डिलीट किए गए।

प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में संदिग्ध आधार प्रविष्टियों के चलते 15,615 नाम हटाए गए। वहीं 18 वर्ष से कम और 100 वर्ष से ज्यादा आयु वाले एकल सदस्य राशन कार्डधारियों के 1,022 नाम रद्द किए गए हैं। इसके अलावा पिछले छह महीने या उससे अधिक समय से राशन नहीं उठाने वाले 31,855 कार्डधारियों के नाम हटाए गए जबकि 1,023 डुप्लीकेट लाभुकों का नाम भी डिलीट कर दिया गया।

पिछले तीन महीनों में 2,476 लोगों ने स्वयं अपना राशन कार्ड सरेंडर करने का आवेदन दिया जिनमें से 2,148 नाम हटाए जा चुके हैं। सिर्फ अगस्त महीने में ही 249 कार्ड सरेंडर किए गए।

उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि यह कार्रवाई वास्तविक लाभुकों तक खाद्यान्न पहुंचाने के उद्देश्य से की जा रही है। उन्होंने अपात्र राशन कार्डधारियों से अपील की कि वे स्वयं आगे आकर अपना कार्ड सरेंडर करें। साथ ही चेतावनी दी कि जांच के दौरान अपात्र पाए जाने पर उनके खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।