जमशेदपुर में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई : हज़ारों आधार और राशन कार्ड रद्द…

Jamshedpur news: पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने राशन कार्ड की जांच में बड़ी कार्रवाई की है। जिन लोगों के आधार या राशन कार्ड में गड़बड़ी पाई गई उनके नाम सूची से हटा दिए गए हैं। यह कार्रवाई उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर की जा रही है।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी जुल्फीकार अंसारी ने बताया कि जिले में 22,975 आधार में गड़बड़ी वाले नाम मिले थे। इनमें से 20,067 नाम हटाए जा चुके हैं जबकि बाकी की जांच अभी चल रही है।
इसी तरह 18 साल से कम और 100 साल से ज्यादा उम्र वाले अकेले कार्डधारियों की जांच में भी 16,399 नाम मिले। इनमें से 2,274 नाम हटाए गए हैं, 793 सही पाए गए और बाकी की जांच हो रही है।
इसके अलावा लंबे समय से राशन नहीं लेने वाले 1,64,237 लोगों की सूची बनी। इनमें से 50,323 नाम हटाए गए और बाकी की जांच चल रही है। सबसे ज़्यादा ऐसे कार्डधारी जमशेदपुर शहरी (68,565) और गोलमुरी-जुगसलाई (46,703) क्षेत्र में मिले।
साथ ही 25,321 डुप्लिकेट राशन कार्ड भी मिले जिनमें से 426 नाम हटाए गए 4,009 सही पाए गए और बाकी की जांच जारी है।
उपायुक्त ने कहा कि यह कदम इसलिए उठाया जा रहा है ताकि असली हकदार परिवारों तक राशन और अनाज का लाभ पहुंच सके।

