बचकर रहें कुंवारे, फिर लौटी लुटेरी दुल्हन! कभी अनुष्का तो कभी पिंकी हर बार नया नाम हर बार नया दूल्हा, शादी के नाम पर करती है लाखों की ठगी…

Azad Reporter desk: हरियाणा के नूंह जिले से एक बार फिर लुटेरी दुल्हन गैंग का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। इस गैंग की मुख्य आरोपी महिला ने महज चार महीनों में तीन युवकों से फर्जी शादियां कीं और नाम बदल-बदलकर लाखों रुपये की ठगी को अंजाम दिया।
कभी अनुष्का कभी बॉबी तो कभी पिंकी बनकर दुल्हन बनने वाली इस महिला ने हर बार शादी कर नए शिकार को चुना और फिर कुछ ही दिनों में अपने “मायके” का बहाना बनाकर फरार हो गई। मामले के खुलासे के बाद पुलिस ने दो महिलाओं सहित कुल सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और जांच तेज़ कर दी गई है।
पहला शिकार बना नूंह का रंजीत—
पीड़ित रंजीत जो नूंह के पाटन उदयपुरी गांव का निवासी है उसने बताया कि उसकी शादी अनुष्का नाम की लड़की से कराई गई थी। इस साजिश के पीछे जय दयाल और उसका साला राधे थे जिन्होंने रंजीत को पलवल ले जाकर लड़की के कथित “परिजनों” चाची उषा उर्फ सविता भाई सागर और गोलू से मिलवाया।
शादी के खर्च के नाम पर 2 लाख रुपये ऐंठे गए और 17 जनवरी को कोर्ट में लिव-इन हलफनामे के जरिए शादी कराई गई। शादी के कुछ दिन बाद ही लड़की मायके जाने की बात कहकर चली गई और फिर लौटकर नहीं आई। जब रंजीत उसे लेने गया तो उसे उल्टा झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई।
दूसरी और तीसरी शादी में फिर दो नए शिकार—
पहली शादी के 10 दिन बाद इसी महिला ने नाम बदलकर बॉबी बनकर राजवीर के बेटे से दूसरी शादी रचाई और 4 लाख रुपये लेकर फरार हो गई। इसके बाद तीसरी शादी 28 अप्रैल को प्रवीण नामक युवक से की गई। इस बार लड़की का नाम पिंकी बताया गया और प्रवीण के पिता से 5 लाख 20 हजार रुपये ऐंठे। दो दिन बाद वह फिर मायके चली गई और गायब हो गई।
जांच में सामने आया है कि यह पूरा गैंग फर्जी आईडी, फर्जी परिवार और नकली पहचान पत्र बनवाकर शादी करता था। कोई लड़की की चाची बनता था, कोई भाई और कोई माता-पिता। पूरी गैंग ने मिलकर युवकों को शादी के नाम पर जाल में फंसाकर लाखों की ठगी की।
पीड़ित रंजीत ने जब स्थानीय पुलिस से शिकायत की तो शुरुआत में कोई कार्रवाई नहीं हुई। बाद में उसने 12 जून को फिरोजपुर झिरका के DSP अजायब सिंह से संपर्क किया जिनके निर्देश पर करीब 20 दिन बाद केस दर्ज किया गया।
पुलिस ने उषा उर्फ सविता, जय दयाल, राधे, सागर, गोलू, सोनू और अनुष्का उर्फ पिंकी के खिलाफ केस दर्ज किया है। सभी की तस्वीरें राज्य भर के थानों में भेजी जा चुकी हैं और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

