घाटशिला में बैंक ऑफ इंडिया ने किसानों और महिलाओं को बांटे 39.5 करोड़ रुपये के ऋण…

Jharkhand :बैंक ऑफ इंडिया की ओर से घाटशिला के जेएन पैलेस में किसान माह के मौके पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कुल 39.5 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए गए।
इस मौके पर मुंबई से आए बैंक के महाप्रबंधक मनोज कुमार मुख्य अतिथि रहे। उनके साथ आंचलिक प्रबंधक पंकज मिश्रा, अग्रणी जिला प्रबंधक संजीव कुमार चौधरी, मुख्य प्रबंधक रविकांत चौधरी और जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुदीप बारी भी मौजूद थे।
कार्यक्रम के दौरान 400 स्वयं सहायता समूहों (SHG) को 15 करोड़ रुपये का ऋण दिया गया। वहीं किसानों को 5 करोड़ रुपये के किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) ऋण प्रदान किए गए। इसके अलावा एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग) क्षेत्र के अंतर्गत 12 करोड़ रुपये की परिसंपत्तियां वितरित की गईं, जिनमें घाटशिला क्लस्टर के लिए 7.5 करोड़ रुपये शामिल हैं।
इस आयोजन में बड़ी संख्या में किसान, महिलाएं और स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल हुए। बैंक ऑफ इंडिया के इस कार्यक्रम ने वित्तीय समावेशन, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास की दिशा में एक मजबूत कदम बढ़ाया है। कार्यक्रम को सफल बनाने में सुरभि कुमार, रवि शंकर सिंह सहित बैंक के कई प्रतिनिधियों ने अहम भूमिका निभाई।


