1000219500

Baharagora: कुएं में गिरकर झारखंड के दो मजदूरों की मौत, गांव में छाया मातम…

खबर को शेयर करें
1000219500

Jharkhand: पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिले के बलियाबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत भामाल गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में झारखंड के दो मजदूरों की कुएं में गिरकर मौत हो गई। दोनों मृतक बहरागोड़ा प्रखंड के पारुलिया पंचायत स्थित पाथरघाटा गांव के निवासी थे। मृतकों की पहचान कार्तिक मुंडा और वृंदावन मुंडा के रूप में की गई है।

जानकारी के अनुसार पाथरघाटा निवासी राजमिस्त्री पुलिन मुंडा को भामाल गांव में एक मकान निर्माण का ठेका मिला था। निर्माण कार्य में सहायता के लिए उसने अपने गांव के मजदूरों को भी साथ बुलाया था। गुरुवार सुबह कार्तिक मुंडा समरसेबल पंप का तार निकालने के लिए कुएं में उतरा, लेकिन कुछ ही दूरी पर उतरते ही उसे चक्कर आया और वह गिर गया।

उसे बचाने के लिए उसका साथी वृंदावन मुंडा भी कुएं में उतरा लेकिन वह भी चक्कर खाकर नीचे गिर पड़ा। दोनों मजदूर कुएं के पानी में डूब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे लेकिन कुएं की गहराई और खतरे को देखते हुए कोई भी बचाव के लिए अंदर नहीं उतर सका। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। बलियाबेड़ा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और झाड़ग्राम से दमकल विभाग की टीम को बुलाया गया। कई घंटे की मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

मृतक वृंदावन मुंडा अपने पीछे 9 वर्षीय बेटा और वृद्ध माता-पिता को छोड़ गया है जबकि कार्तिक मुंडा की तीन वर्षीय बेटी और बूढ़े मां-बाप अब बेसहारा हो गए हैं। परिजनों ने बताया कि दोनों परिवार अत्यंत गरीब हैं। न तो उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है और न ही राज्य सरकार की अबुआ आवास योजना का।

घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से तुरंत आर्थिक सहायता और सभी सरकारी योजनाओं का लाभ देने की मांग की है ताकि परिवारों को इस मुश्किल घड़ी में थोड़ा सहारा मिल सके।