जमशेदपुर में ‘मइयां सम्मान योजना’ के नाम पर साइबर ठगी का प्रयास, प्रशासन ने किया सतर्क रहने का आग्रह…

Jamshedpur news:जमशेदपुर जिला प्रशासन को सूचना मिली है कि कुछ अज्ञात लोग “झारखंड मुख्यमंत्री मइयां सम्मान योजना” के नाम पर लाभुकों एवं पदाधिकारियों से फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से गोपनीय जानकारी मांग रहे हैं। ठग रांची डीसी कार्यालय का हवाला देकर लोगों से लाभुकों की सूची और अन्य व्यक्तिगत जानकारियाँ प्राप्त करने का प्रयास कर रहे हैं।
चौंकाने वाली बात यह है कि ये लोग व्हाट्सएप पर जमशेदपुर के उपायुक्त का प्रोफाइल फोटो लगाकर जानकारी साझा करने का दबाव बना रहे हैं। प्रशासन ने इस पूरे मामले को सुनियोजित साइबर ठगी मानते हुए नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात कॉल या संदेश के बहकावे में न आएं और अपनी कोई भी व्यक्तिगत या योजना से संबंधित जानकारी साझा न करें।
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने स्पष्ट किया है कि जिला प्रशासन या कोई भी सरकारी कार्यालय कभी भी इस प्रकार की जानकारी टेलीफोन या व्हाट्सएप के माध्यम से नहीं मांगता। यह एक गंभीर साइबर अपराध है जिसकी जानकारी साइबर सेल को दी जा चुकी है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क और जागरूक रहें किसी भी अनजान व्यक्ति को अपनी जानकारी न दें और खुद को हर प्रकार की ठगी से सुरक्षित रखें।

