आदित्यपुर टोल प्लाज़ा पर हमला : शुल्क मांगने पर सिक्योरिटी इंचार्ज की पिटाई, बेस बैट से हमला…

Jharkhand: सरायकेला जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को टोल ब्रिज पर एक बड़ी घटना हुई। यहां टोल शुल्क मांगने पर कार सवार लोगों ने सिक्योरिटी इंचार्ज पापुंजय कुमार के साथ जमकर मारपीट कर दी।
पापुंजय ने बताया कि वे वीआईपी लेन में ड्यूटी कर रहे थे तभी एक कार बिना टोल शुल्क दिए निकलने लगी। जब उन्होंने कार सवारों से शुल्क या परिचय पत्र मांगा तो वे लोग गुस्से में आकर पहले सिक्योरिटी गार्ड को पीटने लगे और फिर उन पर बेस बैट से हमला कर दिया।
उन्होंने बताया कि जान बचाने के लिए जब वे कार्यालय की ओर भागे तब भी हमलावर पीछे तक आए और सिर, छाती व पीठ पर इतनी जोर से हमला किया कि बैट टूट गया। हमलावरों ने उनके कपड़े भी फाड़ दिए।
घटना के बाद टोल प्रबंधक हिमांशु प्रसून सिंह ने आदित्यपुर थाना में लिखित शिकायत दी है। घायल पापुंजय ने कहा कि उनके साथ ऐसी घटना पहली बार हुई है और अब वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस जांच में जुट गई है।

