आधार सीडिंग पूरी होते ही खाते में आया पैसा, पूर्वी सिंहभूम की 20 हजार महिलाओं को मंईयां सम्मान योजना के 2500 रुपए मिले…

Jharkhand: झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत अब उन लाभार्थी महिलाओं को भी पैसा मिलना शुरू हो गया है जिन्होंने हाल ही में अपने बैंक खातों को आधार से लिंक (सीडिंग) करवा लिया है।पूर्वी सिंहभूम जिले में लगभग 20 हजार महिला लाभार्थियों के खातों में अप्रैल महीने की 2500 रुपए की राशि सीधे ट्रांसफर कर दी गई है।
जिला प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इन सभी खातों में आधार सीडिंग की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी थी जिसके बाद ही भुगतान संभव हो सका। इस भुगतान के जरिए लगभग 5 करोड़ रुपए की राशि लाभुकों को भेजी गई है।
बता दें कि पहले जिले की 77,066 महिलाओं की राशि होल्ड कर दी गई थी क्योंकि उनके दस्तावेजों में त्रुटि थी या फिर उनके बैंक खाते आधार से लिंक नहीं थे। लेकिन दस्तावेजों की जांच के बाद 20 हजार महिलाओं को भुगतान कर दिया गया है। बाकी लाभार्थियों को भी जल्द से जल्द बैंक खातों की आधार सीडिंग पूरी कराने की सलाह दी गई है ताकि शेष राशि उनके खातों में भी ट्रांसफर की जा सके।
प्रखंडवार होल्ड खातों की स्थिति—
•मानगो अंचल – 7,517
•गोलमुरी सह जुगसलाई – 12,368
•जमशेदपुर अंचल – 14,662
•पोटका – 9,174
•घाटशिला – 4,854
•चाकुलिया अंचल – 674
•चाकुलिया प्रखंड – 4,217
•बहरागोड़ा – 7,788
•गुड़ाबांदा – 2,260
•बोड़ाम – 2,614
•धालभूमगढ़ – 3,043
•डुमरिया – 1,993
•मुसाबनी – 2,509
•पटमदा – 3,393
जिला प्रशासन ने साफ किया है कि जब तक आधार सीडिंग की प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती तब तक मंईयां सम्मान योजना की राशि ट्रांसफर नहीं की जा सकेगी। इसलिए सभी शेष लाभार्थियों से जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया गया है।

