दुनिया की सबसे बड़ी पैरेंट्स-टीचर मीटिंग का रिकॉर्ड आंध्र प्रदेश के नाम, Guinness Book of World Records में दर्ज…

Azad Reporter desk: आंध्र प्रदेश ने शिक्षा के क्षेत्र में इतिहास रचते हुए दुनिया की सबसे बड़ी पैरेंट्स-टीचर मीटिंग (PTM) आयोजित कर Guinness Book of World Records में अपना नाम दर्ज करा लिया है। इस राज्यव्यापी आयोजन में 53.4 लाख से ज्यादा अभिभावकों और शिक्षकों ने हिस्सा लिया जबकि कुल भागीदारी (छात्रों, पूर्व छात्रों, स्कूल मैनेजमेंट समितियों और अन्य हितधारकों सहित) 1.5 करोड़ से अधिक रही।
इस विशेष मीटिंग का उद्देश्य अभिभावकों और शिक्षकों के बीच संवाद और संबंध को और मजबूत बनाना था। यह आयोजन आंध्र प्रदेश की नई गठबंधन सरकार के गठन के बाद शिक्षा क्षेत्र पर केंद्रित दूसरा बड़ा कार्यक्रम है।
शिक्षा मंत्री नारा लोकेश ने कहा “29 जुलाई को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) की पांचवीं वर्षगांठ से ठीक एक दिन पहले यह गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड हासिल करना बेहद गर्व की बात है। यह उपलब्धि हमारे शिक्षकों की कड़ी मेहनत को समर्पित है।”
उन्होंने कहा कि यह रिकॉर्ड सरकारी स्कूलों में विश्वस्तरीय मानक स्थापित करने और सार्वजनिक शिक्षा प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।


