1000212827

बढ़ते हार्ट अटैक के मामलों के बीच फिर एक चौंकाने वाली घटना,मात्र 12 साल के बच्चे की हार्ट अटैक से हुई मौत, स्कूल के गेट पर गिर पड़ा छात्र…

खबर को शेयर करें
1000212827

Azad Reporter desk/ UP: देश में लगातार सामने आ रहे हार्ट अटैक के मामलों के बीच अब एक बेहद चौंकाने वाली खबर ने सबको हैरान कर दिया है। उत्तर प्रदेश (बाराबंकी) में मात्र 12 साल का एक छात्र स्कूल के पहले ही दिन हार्ट अटैक का शिकार हो गया और स्कूल गेट पर ही उसकी मौत हो गई।

यह घटना देवा थाना क्षेत्र के घेरी बिसुनपुर गांव की है जहां रहने वाला अखिल प्रताप सिंह सेंट एंथनी स्कूल का कक्षा 7 का छात्र था। गर्मी की छुट्टियों के बाद सोमवार को स्कूल खुला था और अखिल अपने दोस्तों के साथ सुबह 7 बजे स्कूल पहुंचा। वह जैसे ही बैग लेकर स्कूल गेट पर उतरा अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह वहीं बेहोश होकर गिर पड़ा।

मौके पर मौजूद छात्रों ने स्कूल प्रशासन को सूचना दी। तुरंत उसे अवध अस्पताल ले जाया गया लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे लखनऊ के चंदन अस्पताल रेफर किया गया। यहां काफी देर तक इलाज चला लेकिन डॉक्टरों ने अखिल को मृत घोषित कर दिया।

पिछले कुछ सालों में देश में हार्ट अटैक के मामले तेजी से बढ़े हैं। पहले ये सिर्फ उम्रदराज़ लोगों की बीमारी मानी जाती थी लेकिन अब युवा, खिलाड़ी, सेलिब्रिटी और अब बच्चे भी इसकी चपेट में आने लगे हैं।

आज के समय में जिस तरह से हार्ट अटैक के मामले लगातार बढ़ रहे हैं वह बेहद चिंता का विषय बन चुका है। कभी कोई सेलिब्रिटी कभी युवा खिलाड़ी तो कभी आम इंसान अब तो 10 साल की उम्र भी हार्ट अटैक से नहीं बच पा रही। ये सिर्फ आंकड़े नहीं वो सच्चाई है जो हर गली हर शहर में दस्तक दे रही है।