राजस्थान के चूरू में वायुसेना का जगुआर विमान क्रैश, दो की मौत, 2025 में तीसरी बार हुआ हादसा…

Azad Reporter desk: राजस्थान के चूरू जिले के भानुदा गांव में बुधवार दोपहर भारतीय वायुसेना का एक जगुआर लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हादसा जिला मुख्यालय से कुछ दूरी पर हुआ।
विमान के गिरते ही तेज धमाका हुआ और आसमान में धुएं का बड़ा गुबार दिखाई दिया। इस हादसे में दो लोगों की मौत होने की खबर है जिनमें से एक का शव बरामद कर लिया गया है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मृतक स्थानीय निवासी हैं या विमान से जुड़े कोई कर्मी।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और सुरक्षाबलों की टीमें मौके पर पहुंच गईं हैं। राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है।
फिलहाल विमान दुर्घटना के कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है और वायुसेना की ओर से भी अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
बता दें कि जगुआर भारतीय वायुसेना का एक आधुनिक लड़ाकू विमान है, जिसका उपयोग ज़मीन पर हमले और टोह (सर्वेक्षण) मिशनों के लिए किया जाता है।
गौरतलब है कि जगुआर फाइटर प्लेन्स अब तक कुल 50 बड़े और छोटे हादसों का शिकार हो चुके हैं। केवल 2012 से अब तक 6 बड़े हादसे हो चुके हैं। अगर 2025 की बात करें तो इस साल सिर्फ पांच महीने में ही यह तीसरा बड़ा हादसा है।
•7 मार्च 2025 को हरियाणा के पंचकूला में
•3 अप्रैल 2025 को गुजरात के जामनगर में
•और अब 8 जुलाई 2025 को राजस्थान के चूरू में जगुआर प्लेन क्रैश हुआ है।
इन लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने वायुसेना के इन विमानों की सुरक्षा और तकनीकी स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे से जुड़े अन्य विवरणों का इंतजार किया जा रहा है।