झारखंड में प्रशासनिक संकट,17 आईएएस पद खाली, दो प्रमंडलों में नहीं हैं आयुक्त…

खबर को शेयर करें
1000194028

Jharkhand: झारखंड में एक बार फिर भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में भारी खालीपन देखने को मिल रहा है। राज्य में आईएएस अधिकारियों के कुल 17 पद रिक्त हो चुके हैं। इससे न केवल प्रशासनिक कामकाज प्रभावित हो रहा है बल्कि कई महत्वपूर्ण योजनाओं और नीतियों के क्रियान्वयन में भी बाधा उत्पन्न हो रही है।

जानकारी के मुताबिक पलामू और कोल्हान प्रमंडल में प्रमंडलीय आयुक्त (Commissioner) का पद लंबे समय से खाली पड़ा है। वहीं निदेशक पंचायती राज, पंचायती राज सचिव, निदेशक कृषि, सीईओ जेएसएलपीएस, आदिवासी कल्याण आयुक्त, उच्च शिक्षा निदेशक, परीक्षा नियंत्रक (JCECEB), निदेशक पर्यटन, निदेशक अंकेक्षण, निदेशक पेंशन एवं लेखा, निदेशक प्राथमिक शिक्षा, झारक्राफ्ट के एमडी, बाल संरक्षण संस्थान के निदेशक और राज्य पोषण मिशन के महानिदेशक जैसे कई महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति नहीं हो पाई है।

इसके अलावा अटल बिहारी वाजपेयी इनोवेशन लैब के सीईओ और झारखंड स्पेस एप्लीकेशन सेंटर के निदेशक का पद भी रिक्त है। कार्मिक विभाग में भी संयुक्त सचिव के स्तर पर पद खाली पड़ा है।कुछ अधिकारी ‘वेटिंग फॉर पोस्टिंग’ की स्थिति में कार्मिक विभाग में योगदान देकर बैठे हुए हैं। साथ ही जिन अधिकारियों को 26 मई को उपायुक्त बनाया गया है उन जिलों में भी अब तक किसी अधिकारी की पोस्टिंग नहीं हो सकी है। इससे यह स्पष्ट हो गया है कि आने वाले दिनों में बड़े पैमाने पर आईएएस अधिकारियों के तबादले और पदस्थापन की संभावना है।

कार्मिक विभाग ने सभी रिक्त पदों की सूची तैयार कर ली है और संभावना जताई जा रही है कि इस सप्ताह के अंत तक तबादला और पदस्थापन से संबंधित आदेश जारी कर दिए जाएंगे।

प्रशासनिक ढांचे में इस तरह की रिक्तियां राज्य के विकास और योजनाओं के सुचारू संचालन में बड़ी बाधा बन सकती हैं। सरकार पर अब इन पदों को जल्द से जल्द भरने का दबाव है ताकि जनता से जुड़ी सुविधाएं बाधित न हों।