अवैध खनन पर प्रशासन का शिकंजा!! आजादनगर, बिरसानगर और पोटका में बालू-गिट्टी लदे तीन वाहन जब्त…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में खनन टास्क फोर्स की ओर से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान तीन अलग-अलग स्थानों से अवैध रूप से बालू व गिट्टी ले जा रहे तीन वाहनों को जब्त किया गया और संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज की गई।
पहली कार्रवाई आजादनगर थाना क्षेत्र में की गई जहां जिला खनन कार्यालय की टीम ने एक वाहन को अवैध रूप से बालू ढोते हुए पकड़ा। वाहन को जब्त करते हुए आजादनगर थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई।
दूसरी कार्रवाई बिरसानगर थाना क्षेत्र के स्वर्णरेखा नदी स्थित हुरलूंग घाट में की गई। यहां एक लाल रंग के ट्रैक्टर को बालू खनन करते पकड़ा गया। जांच के दौरान ट्रैक्टर पर रजिस्ट्रेशन नंबर, इंजन नंबर और चेचिस नंबर अंकित नहीं पाए गए। वाहन को जब्त कर बिरसानगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।तीसरी कार्रवाई पोटका थाना क्षेत्र के तिरिलडीह में की गई। अंचल अधिकारी पोटका के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में एक वाहन को अवैध गिट्टी खनन और परिवहन करते हुए पकड़ा गया। उक्त वाहन को जब्त कर पोटका थाना में अंचल अधिकारी द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
प्रशासन की इस सख्ती से खनिज माफियाओं में हड़कंप मच गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध खनन में शामिल किसी को बख्शा नहीं जाएगा।