चक्रधरपुर में भारी बारिश से हादसा, दीवार धंसने से महिला की मौत, तीन बच्चे घायल…

Jharkhand: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। भारी बारिश के चलते कुलीतोडांग गांव में एक कच्ची दीवार धंस गई जिससे एक महिला की मौत हो गई और तीन बच्चे घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दीवार गिरने से घायल हुए सभी लोग एक ही परिवार से हैं। मृत महिला के पति रंगिया दोगो तमिलनाडु में काम करते हैं और घटना के समय वहीं थे। गंभीर रूप से घायल महिला को आनन-फानन में चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टर अंशुमन शर्मा ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही चक्रधरपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया। पंचायत के मुखिया माझीराम जोंको ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
लगातार हो रही बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में मकान और दीवारें गिरने की घटनाएं बढ़ रही हैं जिससे लोगों की जान और माल को खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।