1000207856

पश्चिमी सिंहभूम के टेबो में वज्रपात से महिला की मौत, दो छोटे बच्चों के सिर से उठा मां का साया…

खबर को शेयर करें
1000207856

West Singhbhum: पश्चिमी सिंहभूम जिले के टेबो थाना अंतर्गत पिंगू गांव में वज्रपात की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान 30 वर्षीय रांणी हंस के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रांणी हंस अपने आंगन में बर्तन धो रही थी और उसी दौरान हल्की बारिश हो रही थी। अचानक तेज आवाज के साथ आसमान से बिजली गिर गई जो सीधे रांणी पर आकर गिरी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

शोर सुनकर जब उसके पति गोमेया बोदरा बाहर आए तो उन्होंने देखा कि उनकी पत्नी बेहोश पड़ी है और उसकी मृत्यु हो चुकी है। घटना की सूचना ग्रामीणों ने रात में ही मुखिया प्रतिनिधि मंगरा ओड़िया को दी। मंगरा ओड़िया ने तुरंत इसकी जानकारी टेबो थाना प्रभारी विक्रांत कुमार मुंडा को दी। इसके बाद सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए चक्रधरपुर भेजा गया।

इस दुखद घटना को लेकर अंचलाधिकारी भीकम कुमार ने बताया कि वज्रपात से होने वाली मौत पर राज्य सरकार की ओर से चार लाख रुपये की सहायता राशि मृतक के परिजनों को दी जाती है, लेकिन इसके लिए पोस्टमॉर्टम और FIR दर्ज करना अनिवार्य है।

मृतका के दो छोटे बच्चे हैं और पति खेतों में मजदूरी कर परिवार चलाता है। बेहद गरीब परिवार होने के कारण ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द मुआवजा दिया जाए ताकि बच्चों का पालन-पोषण हो सके।