चाकुलिया हवाई पट्टी के पास पहुंचा जंगली हाथी, ग्रामीणों में दहशत का माहौल…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र स्थित हवाई पट्टी के पास उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक जंगली हाथी सड़क पार करते हुए ध्यान फाउंडेशन की गौशाला के पीछे स्थित पोटाश जंगल में जा पहुंचा। हाथी के इस इलाके में आने से आसपास के गांवों में डर का माहौल बन गया है।
यह रास्ता सानघाटी, जामुआ, माचाडीहा, राजाबाशा समेत कई गांवों के ग्रामीणों और मजदूरों के लिए रोजाना आने-जाने का प्रमुख मार्ग है। स्कूली छात्र भी इसी रास्ते का उपयोग करते हैं। ऐसे में हाथी के मौजूद रहने से किसी अनहोनी की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले भी इस क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही देखी गई है लेकिन इस बार हाथी हवाई पट्टी के इतने पास आ गया है कि ग्रामीणों में डर और भी बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि हाथी को सुरक्षित तरीके से जंगल के गहराई वाले हिस्से या किसी सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए ताकि आम लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। वन विभाग की टीम मामले की जानकारी मिलने के बाद सक्रिय हो गई है और जल्द ही कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।

